खाद्य पदार्थों की तारीखों में हेराफेरी का भंडाफोड़

नवी मुंबई में 4,942 कार्टन जब्त; 75.21 लाख रुपये का माल बरामद, कंपनी का लाइसेंस रद्द

नवी मुंबई : नामी कंपनियों के खाद्य पदार्थों के पैकेट पर अंकित उत्पादन और मियाद समाप्ति की तारीखों में कथित रूप से हेराफेरी कर उन्हें दोबारा बिक्री के लिए तैयार किए जाने के मामले का महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) और नवी मुंबई पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में करीब 75 लाख 21 हजार रुपये मूल्य के 4,942 कार्टन खाद्य पदार्थों का स्टॉक जब्त किया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित गोदाम में खाद्य पदार्थों के पैकेट पर दर्ज मूल उत्पादन और मियाद समाप्ति की तारीख को रासायनिक द्रव्य (सॉल्वेंट) की मदद से मिटाया जा रहा था। इसके बाद मशीनों के माध्यम से उन पर नई और कथित तौर पर फर्जी उत्पादन एवं मियाद समाप्ति की तारीखों के साथ पोषण संबंधी जानकारी वाले स्टिकर लगाए जा रहे थे। आरोप है कि तैयार माल को दोबारा बाजार में बिक्री तथा विदेशों में निर्यात के लिए भेजने की तैयारी की जा रही थी।

नामी ब्रांड के उत्पाद जब्त

कार्रवाई के दौरान Lay’s, Kurkure, Maggi, Knorr, Thums Up और Limca जैसे लोकप्रिय ब्रांड के खाद्य एवं पेय पदार्थों का स्टॉक बरामद हुआ। इनमें कुछ उत्पाद मियाद समाप्त हो चुके थे, जबकि कुछ की मियाद समाप्त होने वाली थी।

कंपनी का लाइसेंस रद्द

मामले की गंभीरता को देखते हुए FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में संबंधित कंपनी का लाइसेंस तत्काल रद्द कर दिया गया है। साथ ही कंपनी के साझेदारों तथा उनसे संबंधित बताई जा रही 11 से 12 निर्यातक कंपनियों के खिलाफ तुर्भे एमआईडीसी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मियाद समाप्त खाद्य पदार्थों की तारीखों में कथित हेराफेरी कर उन्हें दोबारा बाजार में उतारने का यह मामला खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से गंभीर माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से मामले की आगे जांच की जा रही है।

Similar Posts