शिक्षक दिवस पर ब्रह्मदत्त विद्यालय के शिक्षकों का विशेष सम्मान
पिंपरी : शिक्षक दिवस के अवसर पर ज्येष्ठ नागरिक क्रीड़ा संघ, निगडी की ओर से ब्रह्मदत्त विद्यालय में दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने वाले शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका की उपमहापौर सौ. शर्मिलाताई राजू बाबर के हाथों शिक्षकों का विशेष सम्मान किया गया।

इस अवसर पर उपमहापौर सौ. शर्मिलाताई राजू बाबर ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। विशेष जरूरत वाले विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाने, उन्हें शिक्षा प्रदान करने तथा आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समारोह में ब्रह्मदत्त विद्यालय के मुख्याध्यापक रावसाहेब कांबळे, शिक्षक रविंद्र जोशी, मालती तिडके, सेविका सविता रोडे तथा प्रतीक कुंभार का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में ज्येष्ठ नागरिक क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष सुरेश कारंडे, उपाध्यक्ष शंकर होनकळस, सचिव गजानन श्रीखंडे, कोषाध्यक्ष चंद्रकांत तेली सहित संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक शंकर होनकळस ने किया, जबकि आभार चंद्रकांत तेली ने व्यक्त किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस उपक्रम के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों की शिक्षा, प्रतिभा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों के कार्य का गौरव किया गया।
