शगुन चौक का नाम ‘झूलेलाल चौक’ रखने की मांग

पिंपरी। पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला पिंपरी कैंप व्यवसाय की दृष्टि से शहर का एक महत्वपूर्ण प्रमुख केंद्र माना जाता है। इस क्षेत्र के व्यापारिक एवं सामाजिक विकास में सिंधी समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

पिंपरी कैंप के प्रमुख शगुन चौक में झूलेलाल मेन बाजार की शुरुआत होती है। साथ ही इसी चौक पर सिंधी समाज के आराध्य देवता भगवान झूलेलाल की प्रतिमा भी स्थापित है। ऐसे में इस चौक का नाम ‘झूलेलाल चौक’ किए जाने की मांग जोर पकड़ रही है।

यह मांग सिंधी समाज के मुखी गुरुमुखी सिंह उत्तमसिंग वालेचा उर्फ मुखी ने की है। उन्होंने कहा कि पिंपरी कैंप के व्यापारिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास में सिंधी समाज का वर्षों से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। झूलेलाल भगवान के प्रति समाज की गहरी आस्था को देखते हुए शगुन चौक का नाम ‘झूलेलाल चौक’ करना समाज के लिए गौरव की बात होगी।

इस मांग का पिंपरी कैंप के विभिन्न व्यापारियों ने स्वागत किया है। व्यापारियों का कहना है कि चौक का नाम झूलेलाल चौक किए जाने से इस क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी नई दिशा मिलेगी। अब महानगरपालिका प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेता है या नहीं, इस ओर सभी की निगाहें लगी हैं।

Similar Posts