विसर्जन घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं का महापौर रवि लांडगे ने लिया जायजा
पिंपरी, गणेश विसर्जन के मद्देनजर पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका की ओर से शहर के प्रमुख विसर्जन घाटों पर की गई स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं की तैयारियों का महापौर रवि लांडगे ने शुक्रवार को जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन के दिन श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर पूरी की जाएं तथा पर्याप्त मनुष्यबल और संबंधित मशीनरी को पूरी तरह तैयार रखा जाए।
महापौर रवि लांडगे ने कहा कि गणेशोत्सव श्रद्धा और उत्साह का पर्व है। गणेश विसर्जन की प्रक्रिया सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरणपूरक तरीके से संपन्न होना आवश्यक है। विसर्जन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना महानगरपालिका की जिम्मेदारी है। उन्होंने घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, निर्माल्य संकलन, दिशासूचक फलक, कृत्रिम विसर्जन कुंड और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रवेश और निकास मार्ग सुचारू रखे जाएं। घाट परिसर में कीचड़, फिसलन अथवा पानी जमा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। घाट परिसर में लगातार स्वच्छता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त मनुष्यबल तैनात करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
निर्माल्य नदी अथवा अन्य जलस्रोतों में न जाए, इसके लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश देते हुए महापौर ने उचित स्थानों पर निर्माल्य कुंड स्थापित करने तथा वहां स्पष्ट दिशासूचक फलक लगाने को कहा। विसर्जन स्थल पर जमा होने वाले कचरे का तत्काल संकलन कर उसका उचित निस्तारण किया जाए। नागरिक भी निर्माल्य और पूजन सामग्री जलस्रोतों में न डालकर महानगरपालिका द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्था का उपयोग करें, ऐसा आवाहन उन्होंने किया।
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि छोटी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम विसर्जन कुंडों में ही किया जाए। शाडू मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन संभव हो तो घर पर ही स्वच्छ पानी में किया जाए। नदी, नालों और अन्य जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए नागरिक पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव मनाएं और ‘स्वच्छ, सुंदर पिंपरी-चिंचवड़’ के निर्माण में महानगरपालिका का सहयोग करें।
सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं
विसर्जन घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए महापौर ने आवश्यकतानुसार सीसीटीवी व्यवस्था कार्यरत रखने, जीवनरक्षकों की नियुक्ति करने तथा अग्निशमन दल और आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रखने को कहा। साथ ही केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं को विसर्जन प्रक्रिया में सुविधा हो, इसके लिए दिशासूचक एवं स्थलदर्शक फलक प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से लगाने को भी कहा गया।
विभागों के बीच समन्वय पर जोर
महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने विसर्जन व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृत्रिम विसर्जन कुंडों की सफाई, आवश्यक मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी क्षमता के साथ कार्यरत रखने को कहा।
घाट परिसर में विद्युत तारों, कनेक्शनों और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा की जांच कर किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोकने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दिन बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक क्षेत्रीय अधिकारी अपने क्षेत्र के विसर्जन स्थलों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध होने की पुष्टि करें।
घाट परिसर, विसर्जन मार्ग और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर लगातार स्वच्छता बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विसर्जन की पूरी व्यवस्था सुचारू एवं अनुशासित तरीके से संचालित करने के निर्देश आयुक्त डॉ. सूर्यवंशी ने दिए।
प्रमुख विसर्जन स्थलों का निरीक्षण
महापौर रवि लांडगे और आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख विसर्जन घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इनमें सुभाष घाट, पिंपरी, अहिल्यादेवी होलकर घाट, वेताळ महाराज घाट, सांगवी, वाकड गांवठाण घाट, चिंचवड़ स्थित थेरगांव पुल घाट, जाधववाड़ी घाट, रावेत, इंद्रायणी नदी घाट तथा मोशी खदान प्रमुख रूप से शामिल रहे।
सुभाष घाट, पिंपरी में निरीक्षण के दौरान ‘ड’ प्रभाग अध्यक्षा तथा नगरसेविका सविता खुळे, नगरसेविका प्रियंका कुदळे, निकिता कदम आदि उपस्थित थीं।
अहिल्यादेवी होलकर घाट एवं वेताळ महाराज घाट परिसर के निरीक्षण के दौरान ‘ह’ क्षेत्रीय प्रभाग अध्यक्षा तथा नगरसेविका तृप्ती कांबळे उपस्थित थीं।
वाकड घाट परिसर में ‘ज’ क्षेत्रीय प्रभाग अध्यक्षा तथा नगरसेविका आरती चोंधे, नगरसेविका रेश्मा भुजबळ, नगरसेवक राहुल कलाटे तथा पूर्व नगरसेवक राम वाकडकर उपस्थित थे।
चिंचवड़ स्थित थेरगांव पुल घाट परिसर में विधान परिषद सदस्य एवं विधायक उमा खापरे, ‘ब’ क्षेत्रीय प्रभाग अध्यक्ष मंदार देशपांडे, शेखर अण्णा चिंचवडे, सुरेश भोईर आदि उपस्थित रहे।
जाधववाड़ी घाट, रावेत परिसर के निरीक्षण के दौरान नगरसेविका ऐश्वर्या तरस, नगरसेवक राजेंद्र तरस आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त कुलदीप जंगम, तृप्ती सांडभोर, विक्रांत बगाडे, उपआयुक्त अण्णा बोदडे, डॉ. प्रदीप ठेंगल, व्यंकटेश दुर्वास, सहायक आयुक्त तानाजी नरळे, सहशहर अभियंता अनिल भालसाखळे, महेश कावळे, क्षेत्रीय अधिकारी अश्विनी गायकवाड, परशुराम वाघमोडे, गोरक्षनाथ लिम्हण, अजिंक्य येळे, कार्यकारी अभियंता सोहम निकम, जहिरा मोमीन, विशेष अधिकारी किरण गायकवाड, मुख्य सुरक्षा अधिकारी उदय जरांडे, मुख्य उद्यान अधीक्षक महेश गारगोटे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
