पिंपरी-चिंचवड़ में गंदगी का अंबार, नागरिकों में बढ़ रहा आक्रोश
पिंपरी-चिंचवड़, प्रतिनिधि : पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका क्षेत्र में इन दिनों जगह-जगह फैली गंदगी और कचरे के ढेर नागरिकों के लिए गंभीर समस्या बन गए हैं। विशेष रूप से पिंपरी कैंप क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों, अपार्टमेंट में रहने वाले फ्लैटधारकों तथा दुकान और गाला मालिकों को दुर्गंध, गंदगी और अस्वच्छ वातावरण के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि महानगरपालिका के स्वच्छता विभाग के अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं, सफाई कर्मचारियों द्वारा भी नियमित रूप से सफाई और कचरा उठाने का कार्य नहीं किया जा रहा है। परिणामस्वरूप कई स्थानों पर कचरे के ढेर दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नागरिकों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायतों के बावजूद कचरा समय पर नहीं उठाया जा रहा और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।
क्षेत्र में बढ़ती गंदगी को लेकर नागरिकों के बीच व्यापक चर्चा चल रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। नागरिकों ने महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि पिंपरी कैंप सहित पूरे पिंपरी-चिंचवड़ शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर कचरे के ढेर तत्काल हटाए जाएं तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने पर भी विचार कर सकते हैं। फिलहाल शहर में बिगड़ती स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लोगों में असंतोष और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।




