पिंपरी-चिंचवड़ : पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका क्षेत्र के चिंचवड़ स्थित मान के सामने की सड़क को कुछ समय पहले खोदा गया था। इसके बाद सड़क पर मिट्टी और मुरूम डालकर गड्ढा भर दिया गया। लेकिन अब इस कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहन बार-बार सड़क में धंस रहे हैं। वाहनों को बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ रही है। समस्या सामने आने के बाद महानगरपालिका प्रशासन की ओर से दोबारा मुरूम डालने तथा सेंट्रिंग आदि का काम किया गया। इसके बावजूद भारी वाहन फिर उसी स्थान पर धंस रहे हैं।

आखिर जिम्मेदार कौन?

बार-बार मरम्मत के बावजूद सड़क की स्थिति नहीं सुधरने से संबंधित ठेकेदार के काम की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही काम को मंजूरी देने वाले अधिकारियों और गुणवत्ता नियंत्रण विभाग की भूमिका पर भी नागरिक सवाल उठा रहे हैं।

नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क का काम निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया होता, तो बार-बार भारी वाहनों के धंसने की स्थिति पैदा नहीं होती। महानगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच करनी चाहिए।

ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

घटिया दर्जे का काम करने वाले ठेकेदार के साथ-साथ काम की निगरानी करने वाले संबंधित अधिकारी और गुणवत्ता नियंत्रण विभाग के कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग जोर पकड़ रही है। नागरिकों ने सवाल उठाया है कि आखिर जनता के पैसों से किए जा रहे काम में लापरवाही कब तक चलेगी?

अब जरूरत है कि प्रशासन केवल मुरूम डालकर खानापूर्ति करने के बजाय सड़क का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण करे।

जनता की पुकार  “जागो! जागो! पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका के अधिकारी अब तो जागो!”

Similar Posts