पिंपरी कैंप में साप्ताहिक अवकाश: मंगलवार की जगह शुक्रवार क्यों होना चाहिए?

प्रिय व्यापारी भाइयों,

सादर जय झूलेलाल।

हम सभी दशकों से पिंपरी कैंप में मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश (Trading Holiday) के रूप में देखते आ रहे हैं।
इस दिन अधिकांश दुकानें बंद रहती हैं, जिससे व्यापारिक गतिविधियाँ ठप हो जाती हैं और टर्नओवर न्यूनतम हो जाता है।
अतीत में मंगलवार को ही अवकाश रखने का निर्णय किन ठोस कारणों से लिया गया था, मैं उससे पूरी तरह अनभिज्ञ नहीं हूँ और न ही मैं उस फैसले का अनादर करता हूँ।
निश्चित ही उस समय के अनुसार वह निर्णय उचित रहा होगा।

परंतु, “समय और परिस्थितियाँ बदलने के साथ, हमें स्वयं को भी अपडेट करना चाहिए।”
जो बदलाव हमारे व्यापार और परिवार के हित में हों, उन्हें अपनाने में हमें संकोच नहीं करना चाहिए।

वर्तमान परिदृश्य को देखें, तो मंगलवार की छुट्टी हमारे व्यापारियों के लिए उतनी व्यावहारिक या फायदेमंद साबित नहीं हो रही है।
सप्ताह के बीच में आने के कारण यह व्यापार की निरंतरता (Continuity Chain) को तोड़ती है।
ग्राहकों की मानसिकता और बाजार के रुख के लिहाज से भी मंगलवार का दिन थोड़ा असामान्य (Odd) बैठता है।

इसके विपरीत, मैं हमारे पूरे व्यापारिक समुदाय के हित में
शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित करने का प्रस्ताव रखता हूँ,
जिसके पीछे बेहद तार्किक और व्यावहारिक कारण हैं।

शुक्रवार को अवकाश रखने के 5 मुख्य कारण

  1. व्यापारिक दृष्टिकोण से सबसे धीमा दिनव्यापार की लगभग हर लाइन में शुक्रवार को सबसे कम व्यवसाय दर्ज किया जाता है।
    हमारी सिंधी संस्कृति की प्रसिद्ध कहावत भी यही कहती है —
    “जुम्मो, सवेर पई सुम्मो”
    (अर्थात शुक्रवार को जल्दी काम समेटकर आराम करो।)
  2. वीकेंड के व्यापार को मिलेगी गतिशनिवार और रविवार को बाजार में ग्राहकों की सबसे अधिक भीड़ (Footfall) होती है।
    शुक्रवार को बाजार बंद रहने से जो अंतर बनेगा, वह वीकेंड पर बिक्री (Sales) को और अधिक बढ़ावा देगा।
  3. कर्मचारियों में नई ऊर्जाशुक्रवार को आराम करने के बाद हमारा स्टाफ और सेल्समैन पूरी तरह तरोताज़ा और ऊर्जावान होंगे,
    जिससे वे वीकेंड की भारी भीड़ और व्यवसाय को और बेहतर तरीके से संभाल सकेंगे।
  4. परिवार और बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण समयमंगलवार की छुट्टी बच्चों के स्कूल या पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए अधिक उपयोगी नहीं होती।
    यदि शुक्रवार को अवकाश रहेगा, तो व्यापारी भाई शनिवार-रविवार की छुट्टियों के साथ मिलाकर
    परिवार के साथ घूमने या समय बिताने की योजना बना सकेंगे।
    इससे व्यापार पर भी विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा।
  5. धार्मिक एवं सामाजिक एकजुटता (जय झूलेलाल)शुक्रवार हमारे इष्टदेव भगवान झूलेलाल जी का पावन दिन है।
    दुकान पर व्यस्त रहने के कारण अनेक व्यापारी भाई शुक्रवार की आरती में शामिल नहीं हो पाते।
    यदि इस दिन अवकाश रहेगा, तो पिंपरी कैंप के सभी झूलेलाल मंदिरों में बारी-बारी से
    महाआरती एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जा सकेगा।
    इससे पूरा सिंधी समाज एवं व्यापारी वर्ग सपरिवार एकत्रित होगा और सामाजिक एकता और अधिक मजबूत होगी।

आगे की कार्ययोजना (प्रस्ताव)

यदि हमारे व्यापारी भाइयों का एक बड़ा वर्ग इस विचार से सहमत है,
तो मेरा अनुरोध है कि पिंपरी कैंप के सभी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्षों की
एक संयुक्त बैठक बुलाई जाए और सर्वसम्मति से इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया जाए।

यह नियम सभी व्यापारियों के लिए समान रूप से लागू होना चाहिए।
शुरुआत के तौर पर हम महीने की 15 तारीख के बाद आने वाले सभी शुक्रवारों को
दुकान बंद रखने का प्रयोग शुरू कर सकते हैं।
यदि इसके परिणाम सकारात्मक और उत्साहजनक रहें,
तो इसे प्रत्येक शुक्रवार के लिए स्थायी रूप से लागू किया जा सकता है।


अनिवार्य रूप से शुक्रवार का अवकाश रखने से निश्चित ही वीकेंड पर हमारी बिक्री बढ़ेगी
और व्यापारियों को अपने परिवार एवं बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने का अवसर मिलेगा।

निष्कर्ष

आइए, समय के साथ बदलें और अपने व्यापार, परिवार तथा समाज को एक नई दिशा दें।


भवदीय / आपका व्यापारिक भाई
विनोद इसरानी
पिंपरी कैंप, पुणे

जय झूलेलाल!

Similar Posts