पिंपरी-चिंचवड़ में सड़कों पर गड्ढों का कहर, नागरिक परेशान

पिंपरी (प्रतिनिधि) : पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका क्षेत्र के पिंपरी परिसर में इन दिनों सड़कें गड्ढों और अव्यवस्थित मरम्मत कार्यों के कारण लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई हैं। कई स्थानों पर भूमिगत वायरिंग एवं अन्य विकास कार्यों के लिए अच्छी-भली सड़कों को खोदा गया, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद संबंधित ठेकेदारों द्वारा गुणवत्ता पूर्ण तरीके से सड़क की मरम्मत नहीं की गई।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क की खुदाई के बाद गड्ढों को उचित सामग्री की बजाय मिट्टी और मुरूम से भरकर ऊपर से केवल डामर की पतली परत बिछा दी गई। भारी वाहनों की आवाजाही और लगातार हो रही बारिश के कारण यह मरम्मत कुछ ही दिनों में उखड़ गई, जिससे सड़कें फिर से गड्ढों में तब्दील हो गई हैं।

इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के प्रयास में कई दोपहिया और चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, वहीं बारिश के पानी से भरे गड्ढों का सही अनुमान न लग पाने के कारण कई लोग फिसलकर घायल भी हो रहे हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद केवल खानापूर्ति के नाम पर मरम्मत की जाती है। कुछ दिनों बाद वही सड़कें फिर से खराब हो जाती हैं और दोबारा मरम्मत पर जनता के टैक्स का पैसा खर्च किया जाता है। नागरिकों ने सवाल उठाया है कि यदि शुरुआत में ही गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जाए तो बार-बार सरकारी धन खर्च करने की आवश्यकता क्यों पड़ती है?

नागरिकों ने पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका से मांग की है कि संबंधित ठेकेदारों की जवाबदेही तय करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।

Similar Posts